गुरुवार, 17 सितंबर 2020

श्राद्ध भोज बंद होना चाहिए

  श्राद्ध क्या है ? श्रद्धा से किया गया कर्म  को श्राद्ध कहते हैं | जिस  काम में श्रद्धा नहीं है वह श्राद्ध  नहीं है | 

परिवार में किसी की  मृत्यु  होने पर उनकी आत्मा की  शांति के लिए लोग  श्रद्धा पूर्वक भगवान से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं | इसके लिए उपयुक्त तो यही है कि इष्ट मित्र सब इकट्ठा होकर दिवंगत व्यक्ति के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित करे और आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करे | लेकिन समाज में आज कु-प्रथा का बोलबाला है | ब्राह्मण द्वारा दिया गया निर्देहानुसार पहले ब्राहमण द्वारा पूजा पाठ, मुंह माँगा उनको दान दक्षिणा, ब्राहमण भोजन, समाज के लोगों का भोजन कराना अनिवार्य हो गया है | संख्या में कोई पाबन्दी नहीं है | गाँव में तो हज़ारों की संख्या में लोग भोजन करते हैं |जिनके पास सामर्थ्य  नहीं है, उन्हें कर्ज लेकर ये सब करना पड़ता है | क्या यह कार्य उस दुखी परिवार पर और अधिक दुःख लाद देना नहीं है ? इस हालत में  क्या इस कार्य में गृहकर्ता की श्रद्धा रहती है ? कदापि नही |वरन इन क्रिया कलापों के प्रति अश्रद्धा पैदा होती है |


पहले श्राद्ध  कार्य नहीं होते थे |अंतिम संस्कार के बाद लोग नहा धोकर घर जाते थे |अपने तरीके से शोक मनाते थे , प्रार्थना करते थे  | महाभारत के अनुसार ,श्राद्ध का उपदेश सबसे पहले अत्री मुनि ने महर्षि निमिं को दिया था |महर्षि निमि ने ही श्राद्ध की शुरुयात की |  बाद में अन्य ऋषियों ने भी अपने अनुयायियों को श्राद्ध करने का उपदेश दिया | धीरे धीरे यह चारो वर्णों के लोग करने  लगे | पहले श्राद्ध में मृत आत्मा को भोजन अर्पण किया जाता था | फिर इष्ट -मित्र अतिथियों को भोजन करांने की प्रथा शुरू हुई | कालांतर में  ज्योतिषियों ने पितरि पक्ष का भी निर्माण कर दिया जिसमें पितरों को अन्न दान अनिवार्य कर  दिया |

यह कार्य भी ब्राह्मणों  के माध्यम से करना है और उनको दान दक्षिणा देना है |

पितरो को स्मरण करके उनको श्रद्धा सुमन अर्पित करना अच्छी बात है | परन्तु यह बताना कि श्राद्ध न करने पर पितरों को यमलोक की यातनाएं भोगनी पडती है और श्राद्ध करने से अपने पुण्य के अनुसार स्वर्ग लोक, सूर्य लोक .गोलक धाम का सुख प्राप्त करते हैं | काल्पनिक लोको में पितरों के काल्पनिक सुखों का प्रलोभन देकर ,जीवित लोगों को अपार दुखों में धकेलना क्या धार्मिक कार्य है ? जो लोग धनी है, उनको तो फरक नहीं पड़ता है, परन्तु जो गरीब है,वे और गरीब हो जाते हैं |भारत में ८०% लोग अति गरीब, गरीब और सामान्य गरीब हैं | इस कु-प्रथा का सबसे अथिक पीड़ित भारत के यही ८०% लोग हैं | ये लोग अन्धविश्वासी भी हैं इसीलिए इन रीतियों का पालन अक्षरश: करते हैं |

मृत व्यक्ति के सुख के लिए जीवित व्यक्ति को प्रलोभन देकर दान दक्षिणा और  सामूहिक भोजन के लिए भ्रमित करना कहाँ तक ठीक है ? क्या ये सब  कार्य श्रद्धा का कार्य है या अश्रद्धया का कार्य  है ?



श्राद्ध और श्राद्ध भोज बंद होना चाहिए |इसके बदले श्रद्धा सभा का आयोजन होना चाहिए जिसमे इष्ट मित्र श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे | इसमें ब्राह्मणों का कोई काम नहीं होगा और न कोई दान दक्षिणा होगा  | स्वल्पाहार का आयोजन किया जा सकता है | सामर्थ्यवान यजमान चाहे तो भोज का पैसा किसी गरीब बच्चे की शिक्षा दीक्षा में खर्च कर सकते है |


कालीपद 'प्रसाद'